हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा
|
नितेश मार्क—
दंतेवाड़ा, 26 जनवरी 2026।
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय, उल्लासपूर्ण एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में जिला मुख्यालय स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि गजेन्द्र यादव द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा मैदान देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। ध्वजारोहण उपरांत मुख्य अतिथि ने जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव एवं पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के साथ परेड की सलामी ली।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया।
शांति, सद्भाव और राष्ट्र एकता के प्रतीक के रूप में गुब्बारे एवं कबूतर आकाश में छोड़े गए, जिसने समारोह को और भी भावनात्मक एवं प्रेरणादायक बना दिया।
शानदार परेड और अनुशासन का अद्भुत प्रदर्शन
रस्मी परेड में शामिल सशस्त्र बलों की टुकड़ियों द्वारा तीन बार हर्ष सूचक फायर कर राष्ट्रीय तिरंगे एवं मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। इसके बाद 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ, 9वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, पुरुष एवं महिला पुलिस बल दंतेवाड़ा, नगर सैनिक, एनसीसी (शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय), स्काउट (हायर सेकेंडरी स्कूल) तथा आस्था विद्या मंदिर जावंगा की बैंड पार्टी ने राष्ट्रधुन की ताल पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
मार्च पास्ट के उपरांत मुख्य अतिथि गजेन्द्र यादव ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में क्षेत्रीय विधायक श् चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, वनमंडलाधिकारी रंगानाधा रामाकृष्णा वाय, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अर्धसैनिक बलों के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में शालेय छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
देशभक्ति और एकता का संदेश
पूरा समारोह संविधान, लोकतंत्र, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता के संदेश से परिपूर्ण रहा।
गणतंत्र दिवस का यह आयोजन न केवल राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की याद दिलाने वाला रहा, बल्कि युवाओं और नागरिकों में देशप्रेम एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा का संचार करने वाला सिद्ध हुआ।
संविधान से संकल्प तक: गणतंत्र भारत का गौरवशाली पर्व |
- Comments
- Facebook Comments
- Disqus Comments




