साल 1981 की फिल्म अरमान का मशहूर गीत ‘रंभा हो’ एक बार फिर चर्चा में है। इस आइकॉनिक गाने को आदित्य धर की फिल्म धुरंधर में नए अंदाज में पेश किया गया है। शाश्वत सचदेव द्वारा रीइमेजिन किए गए इस गाने को सिंगर मधुबंती बागची ने आवाज दी है। अब इस रीमेक पर ओरिजिनल सिंगर उषा उत्थुप का रिएक्शन सामने आया है।
उषा उत्थुप ने साफ कहा है कि उन्हें गाने के रीक्रिएशन से कोई आपत्ति नहीं है। रेडियो नशा से बातचीत में उन्होंने बताया कि जब उन्हें ‘धुरंधर’ के ‘रंभा हो’ रीमेक का लिंक मिला, तो उनका पहला रिएक्शन था—“वाह! ये क्या है, ये शानदार है।” उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि यह गाना एक बार फिर दमदार वापसी कर रहा है और नई पीढ़ी तक पहुंच रहा है।
उषा उत्थुप ने यह भी कहा कि वह उन लोगों में से नहीं हैं जिन्हें यह बुरा लगे कि किसी और ने ये गाना गाया है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए मधुबंती बागची की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने इस गाने को बेहद खूबसूरती से गाया है। हालांकि उषा ने यह भी बताया कि गाने के रीमेक को लेकर मेकर्स ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया था।
एक अन्य इंटरव्यू में उषा उत्थुप ने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि गाना सिंगर से बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि जो भी ‘रंभा हो’ गाएगा, वो हिट होगा। उषा ने यह भी साझा किया कि वह सालों से अपने हर शो में ‘रंभा हो’ परफॉर्म करती आ रही हैं, लेकिन धुरंधर के रीमेक ने इस गाने को नई ऊर्जा और नई लोकप्रियता दे दी है।
उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि आज यह गाना Gen-Z के बीच भी बेहद पॉपुलर हो रहा है और सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। उषा उत्थुप ने इसके लिए फिल्म धुरंधर का धन्यवाद भी किया और कहा कि इस रीमेक ने ‘रंभा हो’ को एक नई पहचान दे दी है।





