सोमवार सुबह रायपुर से लगे खरोरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। बलौदाबाजार से रायपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में भैंसा गांव के पास अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चल रही थी, तभी इंजन की ओर से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुआं आग में बदल गया और बस तेजी से जलने लगी। यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया गया और थोड़ी ही देर में बस आग की लपटों में घिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।





