वैष्णो देवी के दर्शन पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अहम फैसले लिए हैं। 8 फरवरी 2026 को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधाओं को लेकर नए प्रावधानों को मंजूरी दी गई है।
अब 10 लाख रुपये का सुरक्षा बीमा
श्राइन बोर्ड ने तीर्थयात्रियों के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि को दोगुना कर दिया है। अब प्रत्येक तीर्थयात्री को 10 लाख रुपये का मुफ्त सुरक्षा कवर मिलेगा। इससे पहले यह बीमा राशि 5 लाख रुपये थी। यह सुरक्षा चक्र यात्रा पर्ची कटवाते ही लागू हो जाता है। और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पीड़ित परिवार को बड़ी वित्तीय सहायता प्रदान करता है।
हेलीकॉप्टर यात्रा में सुविधाएं बढ़ीं
हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी राहत भरे फैसले लिए गए हैं। अब शिवखोड़ी और वैष्णो देवी की हेलीकॉप्टर सेवाएं एक ही स्थान से संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ेगा। कटड़ा के हुट्ट गांव में नवनिर्मित हेलीपैड को मंजूरी दी गई है, जो शिवखोड़ी जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेस का काम करेगा। इसके अलावा बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को हेलीकॉप्टर बुकिंग में विशेष कोटा और प्राथमिकता दी जाएगी।
विकास और सुविधाओं पर भी जोर
बैठक में कटड़ा के समग्र विकास को लेकर भी अहम घोषणाएं की गईं। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का ‘शक्ति संग्रहालय’ और अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो बनाया जाएगा, जो भक्तों को पौराणिक कथाओं से रूबरू कराएगा। साथ ही सांझीछत से भवन तक के मार्ग को चौड़ा करने और नए एग्जिट ट्रैक के निर्माण पर काम तेज किया जाएगा।
पर्यावरण को बचाने के लिए साल 2026-2027 के लिए ‘एनुअल ग्रीन प्लान’ को मंजूरी दी गई है, जिससे पूरे यात्रा क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त और हरा-भरा रखा जा सके।





