छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला से नौकरी के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताकर महिलाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उनसे लाखों रुपये वसूल लिए। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पुन्नी लाल अनंत (27 वर्ष) निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, बिलासपुर के रूप में हुई है। वह जशपुर में किराए के मकान में रहकर आसपास के लोगों को खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताता था। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट जशपुर परिसर में खुलेआम घूमता था, जिससे लोगों को उस पर शक नहीं हुआ। मामला सिटी कोतवाली थाना जशपुर क्षेत्र का है।
ऐसे हुआ ठगी का खुलासा
8 दिसंबर 2025 को पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 28 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी मुलाकात पुलिस की वर्दी पहने युवक से हुई, जिसने खुद को पुन्नी लाल अनंत बताया। आरोपी ने ऊंची पहुंच का दावा करते हुए मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही और इसके बदले चार लाख रुपये मांगे।
पीड़िता ने भरोसा कर उसे दो लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा आरोपी ने उसकी भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का भी झांसा दिया और उसके शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज अपने पास रख लिए। बाद में जांच-पड़ताल में सामने आया कि आरोपी न तो पुलिसकर्मी है और न ही किसी विभाग से उसका कोई संबंध है।
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) और 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने उसे बिलासपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसके कब्जे से नौकरी के नाम पर लिए गए दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





