मनोरंजन

जिस फिल्म के कार्यक्रम में बिग बी ने की थी राजपाल यादव की तारीफ, उसी के कर्ज ने राजपाल यादव को पहुंचाया जेल

नई दिल्ली। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव ने हाल ही में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। कॉमेडी के लिए मशहूर राजपाल यादव ने अपने करियर में अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार और कई बड़े सितारों के साथ काम किया है। हालांकि इस मुश्किल वक्त में सोनू सूद के अलावा पूरी इंडस्ट्री की खामोशी ने उनके फैंस को निराश किया है।

दिलचस्प बात यह है कि जिस फिल्म के चलते आज वे कानूनी संकट में फंसे हैं, उसी फिल्म के एक कार्यक्रम में कभी अमिताभ बच्चन ने उनकी जमकर तारीफ की थी। साल 2012 में रिलीज हुई राजपाल यादव की निर्देशित फिल्म ‘अता-पता लापता’ के म्यूजिक लॉन्च पर बिग बी मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने राजपाल की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए खुद को कार्यक्रम में बुलाए जाने पर सम्मानित महसूस करने की बात कही थी। अमिताभ की बातों से भावुक होकर राजपाल ने उन्हें हिंदी सिनेमा का ‘भीष्म पितामह’ बताया था।

दरअसल, राजपाल यादव ने वर्ष 2010 में दिल्ली के एक फर्म से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, ताकि वह इस फिल्म का निर्माण कर सकें। निर्देशन और प्रोडक्शन की जिम्मेदारी उन्होंने खुद संभाली। फिल्म में कई अनुभवी कलाकार नजर आए, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह बुरी तरह असफल रही और महज 38 लाख रुपये का कारोबार कर पाई।

फिल्म की नाकामी के बाद वे कर्ज नहीं चुका सके। ब्याज और पेनल्टी के साथ यह रकम बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। दिए गए चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद मामला अदालत पहुंचा। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें कई मौके दिए, लेकिन भुगतान न हो पाने के चलते उनकी अतिरिक्त समय की याचिका खारिज कर दी गई और अंततः उन्हें जेल जाना पड़ा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts