बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी अक्सर अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो आए दिन वायरल होते रहते हैं। इसी बीच हाल ही में दिशा को सिंगर तलविंदर सिंह के साथ देखा गया, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
अब इन अफवाहों पर तलविंदर सिंह ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हाल ही में द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह और दिशा पहली बार नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन की शादी से ठीक पहले मिले थे। तलविंदर के मुताबिक, ‘इतनी जल्दी सबको पता चल गया, ये हमें हैरान कर गया।’
तलविंदर ने साफ किया कि वह और दिशा अभी अपने रिश्ते को कोई नाम देने की जल्दबाजी में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों खुद को और अपनी जिंदगी को समझने के दौर से गुजर रहे हैं। अफवाहों को लेकर उन्होंने बेबाकी से कहा, “हम किसी दबाव में नहीं आना चाहते। जो है, वो है। अगर लोग अफवाहें फैला रहे हैं, तो फैलने दो।”
प्यार को लेकर पूछे गए सवाल पर तलविंदर ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि मैं हर दिन प्यार में पड़ता हूं। तो हो सकता है कि इस वक्त मैं प्यार में पड़ रहा हूं।”
गौरतलब है कि कुछ समय पहले दिशा पाटनी और तलविंदर सिंह को एक इवेंट में साथ देखा गया था, जहां दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए थे। उसी दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए और अफेयर की खबरों को और हवा मिल गई।





