फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में बनी हुई है और इसके गानों को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। खासतौर पर ‘जाइये सजना’ गाना तेजी से लोकप्रिय हुआ है, जिसे जैस्मीन सैंडलस और सतिंदर सरताज ने अपनी आवाज दी है।
अब इस गाने को लेकर सतिंदर सरताज और भूषण कुमार ने दिलचस्प खुलासा किया है। भूषण कुमार ने कहा, “मैंने पहली बार गाना लॉन्च के दौरान सुना था। जब सतिंदर सरताज की आवाज आती है, तो उसमें जो आध्यात्मिकता है, वह बहुत प्रभावशाली है। आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि गाने में यह धुन कहीं और इस्तेमाल हो सकती है।”
गाने की लोकप्रियता को देखते हुए अब इसका एक्सटेंडेड वर्जन भी लाने की तैयारी की जा रही है। भूषण कुमार ने बताया कि दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बाद यह फैसला लिया गया है।
वहीं, सतिंदर सरताज ने गाने के बनने की पूरी कहानी साझा करते हुए कहा, “धुरंधर टीम से 15 मार्च को फोन आया। उस दोपहर मेरा लुधियाना में एक शो था। किसी ने फोन करके कहा कि एक बड़ी फिल्म में एक लाइन है, जिसे वे मुझसे करवाना चाहते हैं। सच कहूं तो मैंने पहले ज्यादा ध्यान नहीं दिया। कॉल शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ही मुझे पता चला कि शाश्वत सचदेव भी कॉल पर हैं।”
उन्होंने आगे बताया, “मैंने उनसे कहा, ‘मुझे इन सब चीजों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। मैं ज्यादा कुछ नहीं जानता। मैं बस लिखता हूं, संगीत बनाता हूं, गाता हूं।’ उन्होंने मुझसे कहा कि फिल्म विदेशों में रिलीज हो रही है, इसलिए प्रिंट कुछ ही घंटों में भेजना होगा। मैंने कहा ठीक है, कोशिश करते हैं। लगभग 15 मिनट में मैंने ट्रैक सुना, लाइन लिखी, संगीत बनाया, गाया और भेज दिया। मैंने अपना स्टूडियो बंद किया और अपने कॉन्सर्ट के लिए चला गया। बस इतना ही था। बाद में मुझे संदेश, लंबे वॉइस नोट्स, प्रतिक्रियाएं मिलने लगीं, लोग कह रहे थे कि उन्हें यह गाना बहुत पसंद आया।”
सरताज ने यह भी कहा, “मैंने इस गाने को बिना किसी दबाव के गाया। मैंने यह नहीं सोचा कि यह वायरल होगा या नहीं। मेरे लिए यह बस किसी के प्यार से पूछने जैसा था, एक पल है और मुझे ईमानदारी से जवाब देना चाहिए।”
फिल्म रिलीज के बाद ‘जाइये सजना’ तेजी से वायरल हुआ और अब इसके एक्सटेंडेड वर्जन का इंतजार किया जा रहा है।





