मनोरंजन

मां बनने के बाद वापसी की तैयारी में कैटरीना कैफ, ओटीटी डेब्यू की भी चर्चा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ एक बार फिर अभिनय की दुनिया में वापसी की तैयारी कर रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मां बनने के बाद वह अब धीरे-धीरे अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स की ओर लौट रही हैं और इन दिनों नई फिल्मों व प्रोजेक्ट्स की स्क्रिप्ट पढ़ने में व्यस्त हैं।

सूत्रों के अनुसार, कैटरीना इस बार किसी भी प्रोजेक्ट को जल्दबाजी में साइन नहीं करना चाहतीं। बताया जा रहा है कि वह ऐसी कहानियां चुनना चाहती हैं, जो उनकी जिंदगी के इस नए दौर के अनुरूप हों। यही वजह है कि वह हर स्क्रिप्ट को काफी ध्यान से परख रही हैं।

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रख सकती हैं कदम

खबरों की मानें तो कैटरीना डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने को लेकर भी गंभीरता से विचार कर रही हैं। यदि ऐसा होता है तो यह उनके करियर का पहला ओटीटी प्रोजेक्ट होगा। माना जा रहा है कि वह वर्ष 2027 के दूसरे हिस्से में शूटिंग पर वापसी कर सकती हैं।

‘मेरी क्रिसमस’ में आखिरी बार आई थीं नजर

कैटरीना कैफ आखिरी बार 12 जनवरी 2024 को रिलीज हुई फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में थे। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रतिक्रिया मिली, लेकिन दोनों कलाकारों की एक्टिंग और केमिस्ट्री की काफी सराहना हुई।

‘मेरी क्रिसमस’ ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 18.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इससे पहले कैटरीना ‘टाइगर 3’ में दिखाई दी थीं, जिसने करीब 285.52 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं ‘फोन भूत’ बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी और करीब 14.01 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई थी। वर्ष 2021 में रिलीज हुई ‘सूर्यवंशी’ सुपरहिट साबित हुई थी और इसने लगभग 196 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

निजी जीवन को दे रही हैं प्राथमिकता

कैटरीना कैफ ने दिसंबर 2021 में अभिनेता विक्की कौशल से राजस्थान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया था। इसके बाद से दोनों की जोड़ी लगातार चर्चा में रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, 7 नवंबर 2025 को उनके घर बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम विहान कौशल रखा गया है।

फिलहाल, अभिनेत्री के प्रशंसक उनके कमबैक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कैटरीना बड़े पर्दे पर वापसी करती हैं या ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नए सफर की शुरुआत करती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts