नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम मौसम के अचानक बदलने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों तक खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई शाम 6:47 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक के तेज झोंके चल सकते हैं।
तेज हवाओं और धूल भरी आंधी का असर यातायात और सामान्य जनजीवन पर भी पड़ सकता है। इसे देखते हुए लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, गर्मी के बीच मौसम में आया यह बदलाव मानसून पूर्व गतिविधियों का परिणाम हो सकता है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के सभी जिलों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से छतों पर रखे सामान, टिन शेड और कमजोर ढांचों को सुरक्षित करने की अपील की गई है। साथ ही बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मौसम विभाग लगातार हालात की निगरानी कर रहा है।





