मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में 191 जोड़े बंधे वैवाहिक सूत्र में |
आत्मसमर्पित नक्सली युगल हिड़में–बामन ने भी सात फेरे लेकर अपनाई समाज की मुख्यधारा |
नितेश मार्क/भास्कर दूत
दंतेवाड़ा, 10 फरवरी 2026।
माँ दंतेश्वरी को साक्षी मानकर आज दंतेवाड़ा के ऐतिहासिक माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढक डोबरा मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य एवं गरिमामय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। पवित्र वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 48 हवन कुंडों में विधिवत रीति-रिवाजों के साथ 191 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिससे यह आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बन गया।
समारोह से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचकर बेटियों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि माँ दंतेश्वरी के पावन प्रांगण में विवाह होना स्वयं में सौभाग्य की बात है। उन्होंने नवविवाहितों से आग्रह किया कि वे माता-पिता एवं सास-ससुर का समान रूप से सम्मान करें तथा पति-पत्नी एक-दूसरे के सहयोग, विश्वास और प्रेम से अपने जीवन को सुखमय बनाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से राज्य शासन अभिभावक की भूमिका निभा रहा है। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम ने कहा कि राज्य शासन की योजनाएं जीवन के हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर नागरिकों के साथ खड़ी हैं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी वरुण नागेश ने जानकारी दी कि इस वर्ष योजना के अंतर्गत 191 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें शासन द्वारा प्रति जोड़े 35 हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से वर-वधु के खातों में अंतरित की गई। साथ ही 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा विवाह आयोजन एवं साज-सज्जा पर व्यय किए गए।
इस भव्य आयोजन की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह रही कि आत्मसमर्पित नक्सली युगल हिड़में और बामन ने भी अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमित्रा वेको तथा पोंदुम के सरपंच ने भी इसी समारोह में विवाह रचाया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। विवाह संपन्न कराने का दायित्व दुबे आचार्य जी एवं उनके पंडितों द्वारा निभाया गया।
यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल सरकारी संवेदनशीलता, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और पुनर्वास की सशक्त मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।




