प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ़ इथियोपिया’ से नवाजे जाने पर देशभर में खुशी की लहर है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा किया।
मुख्यमंत्री साय ने इसे भारत के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि यह सम्मान विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और एक भरोसेमंद वैश्विक साझेदार के रूप में उभरती भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी का सशक्त, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान बना रहा है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक कूटनीति, विकास, शांति और सहयोग के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुआ है। आज 140 करोड़ भारतीय अपने देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक सम्मान व प्रभाव के साथ स्थापित होते देख गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक यह सम्मान हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है और देश के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास को और मजबूत करता है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और वहां की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री अबी के नेतृत्व की सराहना करते हुए राष्ट्रीय एकता, स्थिरता और समावेशी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
यह सम्मान न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है, बल्कि भारत–इथियोपिया संबंधों को भी नई मजबूती प्रदान करता है।





