रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन ‘साइबर शील्ड’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। ये शातिर फर्जी ‘RTO ई-चालान’ संदेश भेजकर लोगों को लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसाते थे और फिर उनके बैंक खातों से रकम साफ कर देते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल (20) और नरसिंह सिंह (24) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के रहने वाले हैं। इनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
ऐसे करते थे ठगी
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे ‘RTOechallan’ नाम से एक एसएमएस मिला। लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से 4.52 लाख रुपये कट गए। जांच में सामने आया कि आरोपी Winmate और Wingo जैसे संदिग्ध ऐप के जरिए एंड्रॉइड यूजर्स को फंसाते थे।
ये ऐप आधिकारिक प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं थे। इंस्टॉल करने के बाद यूजर के मोबाइल से “SMS Task” के नाम पर ई-चालान, और लिंक भेजे जाते थे। लिंक खुलते ही मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते या ई-वॉलेट से पैसे निकाल लिए जाते थे।
रकम छिपाने का अनोखा तरीका
जांच में पता चला कि ठगी की रकम को छिपाने के लिए आरोपी Swiggy और Instamart जैसे प्लेटफॉर्म से महंगे सामान मंगाकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवर कराते थे, ताकि पैसों की ट्रैकिंग मुश्किल हो जाए।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें। “गारंटीड मुनाफा” जैसे लालच से बचें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।





