राज्य सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों के परीक्षा केंद्र में आयोजित की जाएगी। लोक सेवा आयोग ने परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।
ड्रेस कोड अनिवार्य
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून या अन्य गहरे रंग के वस्त्र प्रतिबंधित रहेंगे। कार्गो पैंट और डिजाइनर परिधान मान्य नहीं होंगे, हालांकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहनी जा सकती है।
महिला अभ्यर्थी आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं। कानों में किसी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है।
जूते-चप्पलों पर भी नियम
मोटे सोल या हाई हील वाले जूते पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर की अनुमति होगी।
क्या ले जा सकते हैं साथ?
परीक्षा केंद्र में केवल एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र, लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल और काले या नीले रंग का बॉल पेन ले जाने की अनुमति है। फोटो स्पष्ट न होने पर दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। और नाम या फोटो में किसी प्रकार की असमानता होने की स्थिति में संबंधित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा.
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, घड़ी, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त मना है। परीक्षा केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था
जिन्हें सहलेखक की अनुमति दी गई है, उन्हें संबंधित जिला कार्यालय से जारी स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा। सहलेखक पर भी सभी नियम लागू होंगे। चिकित्सकीय कारणों से विशेष जूते या उपकरण की आवश्यकता होने पर जांच के उपरांत ही अनुमति दी जाएगी।
समय से पहले पहुंचना जरूरी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक सत्र के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। वहीं परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी, सिवाय चिकित्सा आपात स्थिति के।
यह भर्ती परीक्षा कुल 238 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया पिछले वर्ष पूरी की गई थी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने की अपील की है।





