छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट लाने कलेक्टर का सख्त एक्शन

 

सीएचसी, एमसीएच और ड्रग वेयरहाउस का आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाही पर नोटिस के निर्देश |

दंतेवाड़ा, 12 फरवरी 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ड्रग वेयर हाउस, गीदम) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, अभिलेख संधारण और आधारभूत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश दिए।
अस्पतालों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा
सर्वप्रथम कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर फिजियोथेरेपी कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष, डॉट्स प्रयोगशाला, स्टोर रूम, चिकित्सक कक्ष, दंत चिकित्सा कक्ष, लैब टेस्ट कक्ष, ईसीटीसी, सैंपल संग्रह कक्ष एवं ड्रेसिंग रूम सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया।
उन्होंने वार्डों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं तथा चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता का सूक्ष्म परीक्षण किया।
कलेक्टर ने अस्पताल में कार्यरत सभी शासकीय कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसमें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी शामिल करने को कहा, ताकि मरीजों को संबंधित कर्मियों की पहचान में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही समस्त अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
दवाओं की उपलब्धता और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
स्टोर रूम में दवाइयों के स्टॉक की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को प्रत्येक 10 दिवस में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
लैब टेक्नीशियन को जांच कार्य पूरी सावधानी और गंभीरता से करने की समझाइश दी गई। कर्मचारियों की छुट्टियों की नियमित मॉनिटरिंग, नर्सिंग स्टेशन में ड्यूटी रोस्टर का सुव्यवस्थित संधारण तथा छोटी-छोटी मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए सीएमएचओ को संबंधित एसडीएम के साथ जीडीएस की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
ईसीटीसी कक्ष के प्रभारी तकनीशियन की लापरवाही पर कलेक्टर ने नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए, जिससे कार्य में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
मरीजों से संवाद, फीडबैक लिया
कलेक्टर ने जनरल वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया। कटुलनार से उपचार हेतु आए एक मरीज से बातचीत कर उसकी स्थिति जानी और बेहतर इलाज व स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष
इसके पश्चात कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। सोनोग्राफी कक्ष, मातृ एवं शिशु वार्ड, प्रसव कक्ष सहित अन्य आवश्यक कक्षों का अवलोकन कर दवाइयों की उपलब्धता एवं सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।
कासोली निवासी महेश नेताम की पुत्री सुनीता नेताम के उपचार की जानकारी लेते हुए परिजनों से फीडबैक प्राप्त किया तथा चिकित्सकों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ड्रग वेयरहाउस की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
ड्रग वेयर हाउस, गीदम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दवाओं के भंडारण, आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. अजय रामटेके, डीपीएम प्रतीक सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह निरीक्षण एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts