भारतीय ट्रेनों में खानपान की क्वालिटी में काफी सुधार हो रहा है, खासकर प्रीमियम ट्रेनों में जहां यात्रियों को हाइजीनिक और ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। IRCTC ने चुनिंदा ट्रेनों में Meal Trial शुरू किया है, ताकि खाना स्वच्छ और स्वादिष्ट हो।
लेकिन हाल ही में अवध एक्सप्रेस (19037) में गंभीर लापरवाही सामने आई। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी पैंट्री कार का औचक निरीक्षण करते हुए मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर पटेल ने बड़ी मात्रा में सड़े आलू और खराब अंडे पाए। इस दृश्य ने अधिकारी को नाराज कर दिया।
खराब गुणवत्ता और गंदगी पर कड़ी कार्रवाई
निरीक्षण में पोहा, दाल और छोले की सब्जी भी खराब गुणवत्ता की पाई गई। खाने में इस्तेमाल कच्चे माल के मानक के अनुरूप न होने के कारण उसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। पैंट्री कार की सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब मिली। मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने मौके पर मौजूद पैंट्री ठेकेदार और पैंट्रीकार मैनेजर को कड़ी फटकार लगाई और दोषियों पर सख्त पेनल्टी लगाने के आदेश दिए।
IRCTC को दी गई जानकारी
कोटा मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक और जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेनों में खानपान की नियमित जांच की जाती है। इस पूरे मामले की सूचना IRCTC को दे दी गई है। फिलहाल जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





