नई दिल्ली में दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने विज़िटर्स बुक में रूसी भाषा में बापू के लिए विशेष संदेश लिखा। पुतिन ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में महात्मा गांधी की भूमिका ऐतिहासिक रही है और वे एक महान मानवतावादी थे, जिनके विचार विश्व शांति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
पुतिन ने लिखा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वतंत्रता और मानवता के सिद्धांत आज भी उतने ही ज़रूरी हैं जितने पहले थे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गांधी एक ऐसे विश्व की कल्पना करते थे, जहां न्याय, समानता और पारस्परिक सम्मान के साथ देशों के बीच संबंध विकसित हों। रूस के राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि गांधी और रूसी दार्शनिक लियो टॉल्स्टॉय के बीच हुए पत्राचार में भी इसी तरह के संतुलित और बहुध्रुवीय विश्व की झलक मिलती है।
पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और रूस भी इन्हीं साझा मूल्यों को आगे बढ़ा रहे हैं—ऐसी वैश्विक व्यवस्था, जहां किसी पर दबाव न हो और सहयोग व सम्मान के आधार पर दुनिया आगे बढ़े।
गुरुवार शाम भारत पहुंचने पर पुतिन का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद एयरपोर्ट पहुंचे और गर्मजोशी से गले लगाकर उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने उन्हें रूसी भाषा में अनूदित ‘भगवद्गीता’ भी भेंट की। एयरपोर्ट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की पुतिन ने सराहना की। इसके बाद दोनों नेता एक ही वाहन से एयरपोर्ट से रवाना हुए।





