अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दुबई से पहुंची इंडिगो की फ्लाइट से करीब 4 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया गया है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने खुफिया सूचना के आधार पर विमान की तलाशी ली, जिसमें टॉयलेट के स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखा गया सोना मिला। मामले में यह जांच की जा रही है कि सोना किसने छिपाया था और उसे कौन लेने वाला था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1478 की जांच के दौरान अधिकारियों ने विमान के टॉयलेट की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान स्पीकर बॉक्स के भीतर ब्लैक टेप में लिपटे दो पाउच मिले। पाउच खोलने पर उनमें 999.0 शुद्धता (24 कैरेट) के 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्कुट बरामद हुए। इनका कुल वजन 2,799.3 ग्राम बताया गया है, जबकि बाजार मूल्य 4 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सोने को बेहद सुनियोजित तरीके से स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाया गया था। डीआरआई ने सोना जब्त कर लिया है और तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट और विमान के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।





