मनोरंजन

खजाने की तलाश में फिर जुटी ‘धमाल’ गैंग, कॉमेडी और एडवेंचर से भरपूर है ‘धमाल 4’ का ट्रेलर

कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ की चौथी किस्त का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर जबरदस्त हंसी-मजाक, रोमांच और खजाने की खोज से जुड़े नए घटनाक्रमों से भरपूर नजर आ रहा है। करीब तीन मिनट लंबे ट्रेलर में पुरानी टीम एक बार फिर खजाने की तलाश में निकलती दिखाई देती है, जिसके दौरान कई मजेदार और अप्रत्याशित घटनाएं देखने को मिलती हैं।

अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, ‘ठीक सामने, आपको वो प्ले बटन दिख रहा है? हां, उसे दबा दीजिए। धमाल 4 का ट्रेलर आ गया है। 10 जुलाई से दुनिया भर के सिनेमाघरों में सबसे बड़ी फैमिली एंटरटेनर फिल्म देखें।’

ट्रेलर में डॉल्फिन, बाघ, सांप, मगरमच्छ और ऑक्टोपस जैसे कई जानवरों की झलक दिखाई गई है। इसके अलावा एक भूतिया हवेली भी कहानी का हिस्सा है, जो फिल्म में रोमांच और कॉमेडी का तड़का लगाती है। ट्रेलर की शुरुआत पुराने चर्चित डायलॉग ‘ठीक अपने सामने देखिए, क्या पहिए के सामने लाल बटन है? उसे नहीं दबाना था।’ से होती है, जिसके बाद अजय देवगन और संजय मिश्रा को इलेक्ट्रिक शॉक लग जाता है और यहीं से अफरा-तफरी का सिलसिला शुरू हो जाता है।

फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा एक बार फिर अपने लोकप्रिय अंदाज में नजर आएंगे। इनके साथ ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ट्रेलर में रवि किशन का समुद्री डाकू जैसा किरदार और जावेद जाफरी का मानव श्रीवास्तव वाला अंदाज खास आकर्षण बना हुआ है।

फिल्म में नई ऑन-स्क्रीन जोड़ियां भी देखने को मिलेंगी। अजय देवगन के साथ ईशा गुप्ता, अरशद वारसी के साथ संजीदा शेख और रितेश देशमुख के साथ अंजलि आनंद की जोड़ी दिखाई देगी। ट्रेलर में बैकग्राउंड में ‘चटनी सॉन्ग’ की धुन भी सुनाई देती है, जो पहले ‘दबंग 2’ में इस्तेमाल किया गया था।

इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ को अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts