छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट, तापमान गिरा; अगले 5 दिन बारिश और आकाशीय बिजली के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून राज्य में प्रवेश कर सकता है, क्योंकि इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। यह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान था। वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन देर रात तक बारिश नहीं हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले दो दिनों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। बस्तर संभाग में हो रही हल्की बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत दे रही है। अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

राजधानी रायपुर में शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में राजनांदगांव 42 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा दुर्ग में 39 डिग्री, बिलासपुर में 38 डिग्री, रायपुर में 37 डिग्री, पेंड्रारोड में 36 डिग्री, अंबिकापुर में 35 डिग्री और जगदलपुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts