देश के लोकप्रिय इंस्टेंट नूडल्स ब्रांड मैगी को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। मैगी के एक पैकेट में कथित तौर पर कीड़ा और लार्वा मिलने की शिकायत सामने आने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नेस्ले इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले की खबर सामने आते ही कंपनी के शेयरों पर भी दबाव देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मैगी के पैकेट में लार्वा होने का दावा किया गया था। इसके बाद FSSAI ने कंपनी से कई महत्वपूर्ण सवालों पर जवाब मांगा है। नियामक यह जानना चाहता है कि कथित तौर पर कीड़ा या लार्वा पैकेट तक कैसे पहुंचा, संबंधित बैच के उत्पादन के दौरान गुणवत्ता जांच की स्थिति क्या थी, प्रभावित उत्पादों को बाजार से हटाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कंपनी की क्या योजना है।
मामले के सार्वजनिक होने के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई और नेस्ले इंडिया के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के अंत में कंपनी का शेयर 3.29 प्रतिशत टूटकर 1,375.70 रुपये पर बंद हुआ।
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम मीडिया में चल रहे उन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हैं जिनमें मैगी नूडल्स के अंदर कीड़े होने का दावा किया जा रहा है। हमें अभी तक शिकायतकर्ता से प्रोडक्ट का सैंपल नहीं मिल पाया है क्योंकि उनका अकाउंट अनरीचेबल (unreachable) आ रहा है। हालांकि, हमने संबंधित बैच के क्वालिटी रिकॉर्ड्स और टेस्ट रिपोर्ट्स के साथ एक विस्तृत प्रतिनिधित्व (Detailed Representation) पहले ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया है।’
इस बीच FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को लेकर अन्य कंपनियों पर भी कार्रवाई तेज कर दी है। नियामक ने KFC को साफ-सफाई से जुड़े मामलों में नोटिस भेजा है, जबकि फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट से भी खजूर आधारित एक उत्पाद में कीड़े मिलने के आरोपों पर जवाब मांगा गया है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर बढ़ती सख्ती के बीच यह मामला उपभोक्ताओं और उद्योग जगत दोनों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।





