चीन के वुजिन शहर में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें क्रैश होने के बाद हेलिकॉप्टर दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बावजूद उसके रोटर ब्लेड काफी देर तक तेज गति से घूमते रहे, जिससे अंदर फंसे लोगों को तत्काल बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे यह हादसा एक खेत में हुआ। दुर्घटना के समय कॉकपिट में मौजूद पायलट और उसका साथी सीट बेल्ट से बंधे हुए थे। हेलिकॉप्टर जमीन पर गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों अंदर ही फंसे रह गए। एक व्यक्ति का शरीर दरवाजे से आधा बाहर लटक गया था और वह कई बार हेलिकॉप्टर के किनारे तथा जमीन से टकराता दिखाई दिया।
घटनास्थल के पास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन लगातार घूम रहे रोटर ब्लेड के कारण कोई भी हेलिकॉप्टर के करीब नहीं जा सका। सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों में से एक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि दूसरा अभी डॉक्टरों की निगरानी में है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सीट बेल्ट लगे होने के कारण दोनों की जान बच गई।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना चीन में हाल के वर्षों में सामने आए कई विमान हादसों में एक और मामला मानी जा रही है।





