मध्यप्रदेश

MP: नौतपा के बीच बदला मौसम, कई जिलों में ओले-बारिश और आंधी के आसार

भोपाल। नौतपा के पांचवें दिन भी मध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल और जबलपुर समेत 27 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर, छतरपुर, टीकमगढ़, मुरैना, श्योपुर और निवाड़ी जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन के समय तेज गर्मी पड़ने की संभावना है, जबकि शाम होते-होते मौसम बदल सकता है। 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने और कुछ इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि होने के आसार हैं।

प्रदेश में गुरुवार को भी गर्मी का असर बेहद तेज रहा। सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, दमोह, नौगांव और मलाजखंड में 45.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। टीकमगढ़, सतना, सागर, मंडला, ग्वालियर और गुना समेत कई शहरों में भी पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। राजधानी भोपाल में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

उधर, ग्वालियर में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर में सुबह से तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में 10 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम को अंचल के कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts