मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में खेत पर कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में सभी मजदूरों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 8 से 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए थे। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई और अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे में दबे मजदूरों के नाम चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, राजस्व विभाग मौके पर पहुंच गई। गांव में बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, जिस जगह कुएं की खुदाई की जा रही थी वहां की मिट्टी काफी भुसभुसी और कमजोर थी। ऐसे इलाके में गहरी खुदाई को पहले से ही जोखिम भरा माना जाता है।
अब सवाल उठ रहा है कि आखिर यह खुदाई किस आधार पर कराई जा रही थी? क्या कुएं की खुदाई व्यक्तिगत अनुमति लेकर करवाई जा रही थी या फिर किसी शासकीय योजना के तहत काम चल रहा था? यदि मिट्टी की स्थिति जोखिमभरी थी तो क्या कोई तकनीकी निरीक्षण या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था?





