क्रांइमछत्तीसगढ़

दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल

कबीरधाम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला कुण्डा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। दोनों सारंगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार सुबह कृष्णा अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे। इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक को पार करते समय उनकी बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई।

बाइक गिरते ही कृष्णा और कीर्ति ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का बेटा दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल और कुण्डा थाना के पास चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क के शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया है, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई है। इससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर फिसलकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीण सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कहते रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts