रायपुर में 10 साल बाद आईपीएल मैचों की वापसी को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले मुकाबलों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस बड़ी संख्या में पहुंच सकते हैं।
मैच को लेकर सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों ही नहीं, बल्कि सेलिब्रिटीज के आने की भी चर्चा तेज है। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका के भी स्टेडियम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार के आने के भी आसार हैं। कुछ अन्य बॉलीवुड हस्तियां भी मैच का आनंद लेने रायपुर पहुंच सकती हैं।
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए गए हैं। आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर के 8 आईपीएस अधिकारियों के साथ करीब 20 राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा लगभग 1500 पुलिस जवान पूरे आयोजन के दौरान तैनात रहेंगे।
डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। करीब 1200 पुलिसकर्मियों को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग से 300 से ज्यादा जवान मौजूद रहेंगे।
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम तक पहुंचने के पांच अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए कुल 12 गेट बनाए गए हैं, जिनमें पैवेलियन के लिए तीन अलग गेट शामिल हैं।





