रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की खराब व्यवस्था और अस्पतालों में सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सीएमएचओ कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और विस्तार नहीं किया गया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जा सकता है।
यह प्रदर्शन रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में किया गया। इसमें कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश गुप्ता, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान श्रीकुमार मेनन ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और आम लोगों को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस सरकार के समय जो व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से संचालित हो रही थीं, वर्तमान सरकार में वे पूरी तरह चरमरा गई हैं।”
उन्होंने बताया कि रायपुर के 70 में से 45 वार्डों में हमर क्लीनिक योजना शुरू की गई थी ताकि छोटी बीमारियों के लिए लोगों को बड़े अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें, लेकिन वर्तमान में इन क्लीनिकों की हालत खराब है और वहां स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है।
कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लैब टेक्नीशियन, डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि हमर क्लीनिकों में पर्याप्त स्टाफ नहीं होने की वजह से मरीजों को मेकाहारा और डीकेएस अस्पताल रेफर किया जाता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज की कमी और अव्यवस्था के कारण कई मरीज इधर-उधर भटकते रहते हैं और कई मामलों में उनकी मौत तक हो जाती है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “सरकार जब तक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में सुधार नहीं करेगी, तब तक कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।”





