रायपुर और आसपास के इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी और नौतपा के असर को देखते हुए नवा रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी को दो दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, अत्यधिक गर्मी और तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए वन्य प्राणियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर 28 और 29 मई तक जंगल सफारी को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान पर्यटक जंगल सफारी की सैर और वन्य जीवों का दीदार नहीं कर सकेंगे।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, “विषयान्तर्गत संदर्भित पत्र के तारतम्य में नंदनवन जंगल सफारी, नवा रायपुर में वर्तमान समय में अत्यधिक गर्मी एवं तापमान में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुये वन्यप्राणियों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुये प्रस्ताव अनुसार दिनांक 28.05.2026 से 29.05.2026 तक कुल 02 दिवस के लिए नंदनवन जंगल सफारी नवा रायपुर को पर्यटकों हेतु अस्थाई रूप से बंद करने की अनुमति प्रदान की जाती है। तत्काल जनसंपर्क के माध्यम से जनसामान्य को अवगत कराने हेतु समाचार आज ही भेजें।।”






