क्रिकेटखेल

IPL 2026 Qualifier 2: फाइनल की जंग में आज भिड़ेंगे RR और GT, जानें किस टीम का पलड़ा भारी

आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आज 29 मई को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच क्वालीफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा। यह अहम मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगी।

दोनों टीमें शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। गुजरात टाइटंस को क्वालीफायर-1 में RCB के खिलाफ 92 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बनाई।

राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे बड़ी ताकत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बने हुए हैं। उन्होंने एलिमिनेटर मैच में सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। वैभव इस सीजन 243 के स्ट्राइक रेट से 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप उनके पास है। इतना ही नहीं, उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है और अब उनके नाम 65 छक्के दर्ज हैं। खास बात यह भी है कि उन्होंने गुजरात के खिलाफ ही 35 गेंदों में टूर्नामेंट की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी लगाई थी।

राजस्थान की ओपनिंग जोड़ी भी इस सीजन शानदार प्रदर्शन कर रही है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर 206 के स्ट्राइक रेट से 747 रन बनाए हैं और दोनों IPL 2026 की सबसे सफल जोड़ी बन चुके हैं। वहीं ध्रुव जुरेल ने 155 के स्ट्राइक रेट से 508 रन बनाए हैं, जबकि कप्तान रियान पराग ने टीम को संतुलित नेतृत्व दिया है। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर राजस्थान के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं और उन्होंने 24 विकेट झटके हैं।

दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की तिकड़ी राजस्थान के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती है। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा भी राजस्थान के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल सकते हैं।

हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने 7 मैच जीते हैं जबकि राजस्थान को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है।

मुल्लांपुर का मैदान राजस्थान के लिए शुभ साबित हुआ है। टीम ने यहां इस सीजन खेले गए सभी चार मुकाबले जीते हैं, जबकि गुजरात को यहां तीन मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है। ऐसे में आज का मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts