खेलछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की महक नरवासे को बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनकर करेंगी श्रीलंका दौरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने प्रदेश का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राजनांदगांव की रहने वाली महक का चयन श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टी-20 और वनडे टीम में किया गया है। खास बात यह है कि उन्हें दोनों प्रारूपों में टीम की उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

महक नरवासे लंबे समय से छत्तीसगढ़ क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल रही हैं। उन्होंने राज्य की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उनके बेहतरीन खेल और मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें अब भारतीय टीम में अहम भूमिका मिली है।

फिलहाल महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में प्रशिक्षण ले रही हैं। यहां वह देशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर अपने खेल को और मजबूत बना रही हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 सीरीज 22 जून से शुरू होगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे। इस दौरे में महक उपकप्तान के रूप में भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभालती नजर आएंगी।

महक के चयन पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महक की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर महक ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और खेल जगत में भी नई पहचान बना रही हैं। महक की सफलता प्रदेश की युवा प्रतिभाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि महक श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और आने वाले समय में देश तथा छत्तीसगढ़ का नाम और ऊंचा करेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts