छत्तीसगढ़

नौतपा में बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने और बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। अंबिकापुर और सूरजपुर समेत कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने रायपुर सहित 27 जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले 24 घंटों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चली। आज से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात और वर्षा होने की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts