कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पटवारी का रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम ने आरोपी पटवारी को निलंबित कर दिया है।
पूरा मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्का का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक पिपरिया और सिर्री हल्के में पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल ने एक किसान से जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपये और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि किसान ने मजबूरी में पटवारी को पैसे दिए, लेकिन इस दौरान उसने टेबल के नीचे नोट गिनते हुए पटवारी का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया है।





