छत्तीसगढ़

रायपुर में बारिश और तेज हवाओं का असर, नेताओं को लेकर आ रही इंडिगो फ्लाइट नागपुर भेजी गई

रायपुर। राजधानी रायपुर में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को तेज हवाओं और बारिश के कारण निर्धारित समय पर रायपुर में नहीं उतारा जा सका, जिसके चलते विमान को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-5138 में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत भाजपा और कांग्रेस के कई नेता सवार थे। यह विमान गुरुवार रात करीब 9 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरने वाला था।

उपमुख्यमंत्री साव के कार्यालय के एक कर्मचारी ने बताया कि रायपुर में तेज हवाओं और बारिश सहित खराब मौसम के कारण फ्लाइट संचालन प्रभावित होने के बाद इसे नागपुर की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाइट नागपुर में सुरक्षित रूप से उतरी और बाद में रात करीब 10:40 बजे वहां से उड़ान भरी।

अधिकारी के मुताबिक, विमान के रात 11:15 बजे के कुछ देर बाद रायपुर पहुंचने की संभावना थी। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने भी पुष्टि की कि भूपेश बघेल और दीपक बैज विमान में मौजूद थे। उनके अनुसार, फ्लाइट में विभिन्न राजनीतिक दलों के कई अन्य नेता भी यात्रा कर रहे थे।

गौरतलब है कि गुरुवार को दिनभर गर्मी और उमस के बाद शाम के समय रायपुर का मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश के कारण शहर में सामान्य जनजीवन के साथ-साथ हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts