छत्तीसगढ़राजनीति

दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, जनसंपर्क के जरिए गिनाएंगे मोदी सरकार के 12 साल के काम

रायपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान वे रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएंगे। इस दौरान वे विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होने के साथ हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे।

अपने कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान में भाग लेंगे। वहीं 13 जून को वे सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा सदर बाजार और बुढ़ातालाब क्षेत्र में भी लोगों से संवाद करेंगे।

रायपुर पहुंचने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “2 दिवसीय के प्रवास पर छत्तीसगढ़ आया हूं। पीएम के 12 साल नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में काम किया गया है। छत्तीसगढ़ की जनता के सामने यही सब पेश करना है। डबल इंजन की सरकार ने नक्सलवाद खत्म किया इसलिए देश के प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद करता हूं।”

कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद के ‘ऑपरेशन लोटस नाकाम हो रहा है’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कौन क्या कह रहा है इससे मुझे कोई लेना-देना नहीं है। भारतीय जनता पार्टी का कोई ऑपरेशन नहीं चलता। जो जैसा करनी करता है उसका फल वैसा ही भोगता है। जो कट मनी चला जो लूट मनी चला उसका यह फल है। हमारा इसमें कोई लेना-देना नहीं है।”

वहीं कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के मुद्दे पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, “इसमें हमारी कोई जानकारी नहीं इसलिए मैं इसमें कुछ नहीं बोलना चाहूंगा।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts