क्रिकेटखेल

महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत आज, 12 टीमों के बीच खिताब की जंग, जानिए पूरा शेड्यूल और फॉर्मेट

नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज आज से इंग्लैंड में होने जा रहा है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 11 बजे शुरू होगा।

महिला टी20 विश्व कप का यह 10वां संस्करण कई मायनों में खास रहने वाला है। पहली बार प्रतियोगिता में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे यह टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बन गया है। इससे पहले 2009 में भी इंग्लैंड ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की थी और तब मेजबान टीम ने खिताब अपने नाम किया था।

मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड की टीम है, जिसने 2024 में संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार ट्रॉफी जीती थी। वहीं ऑस्ट्रेलिया महिला टी20 विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने रिकॉर्ड छह बार खिताब पर कब्जा जमाया है।

टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों को दो समूहों में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड शामिल हैं। वहीं ग्रुप बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें हैं।

प्रतियोगिता राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेली जाएगी, जहां प्रत्येक टीम अपने समूह की बाकी सभी टीमों से एक-एक मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 30 जून और 2 जुलाई को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में आयोजित होगा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम इंडिया का सामना नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि टीम में स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।

टूर्नामेंट के सभी 33 मुकाबले इंग्लैंड के सात प्रमुख स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इनमें लॉर्ड्स, द ओवल, ओल्ड ट्रैफर्ड, हेडिंग्ले, एजबेस्टन, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड और हैम्पशायर बाउल शामिल हैं।

आईसीसी ने इस बार टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड 87.64 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि घोषित की है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 82 करोड़ रुपये के बराबर है। विजेता टीम को करीब 22 करोड़ रुपये, जबकि उपविजेता को लगभग 11 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। वहीं टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी 12 टीमों को न्यूनतम भुगतान की भी गारंटी दी गई है।

भारतीय दर्शक स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। वहीं मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts