व्यापार

फ्लिपकार्ट-उबर की बड़ी साझेदारी, अब हर राइड पर मिलेंगे सुपरकॉइन्स, ग्राहकों को मिलेगा डबल फायदा

ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट और राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म उबर ने भारतीय ग्राहकों के लिए एक नई साझेदारी की घोषणा की है। इस रणनीतिक गठबंधन के तहत फ्लिपकार्ट के रिवॉर्ड प्रोग्राम ‘सुपरकॉइन्स’ को उबर की सेवाओं से जोड़ दिया गया है, जिससे अब यूजर्स को अपनी रोजमर्रा की यात्रा पर अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।

क्या है नई सुविधा
इस साझेदारी के बाद उबर यूजर्स अपनी हर पात्र (एलिजिबल) राइड पर सुपरकॉइन्स कमा सकेंगे। यानी जब भी कोई ग्राहक उबर से कैब बुक करेगा, तो किराये का 4 प्रतिशत हिस्सा सुपरकॉइन्स के रूप में उसके फ्लिपकार्ट अकाउंट में जुड़ जाएगा। उदाहरण के तौर पर, 500 रुपये की राइड पर 20 सुपरकॉइन्स मिलेंगे।

रिवॉर्ड की शर्तें
कंपनियों द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रति यात्रा अधिकतम रिवॉर्ड की सीमा 150 सुपरकॉइन्स तय की गई है। हालांकि, ग्राहकों के लिए अच्छी खबर यह है कि कुल कमाई पर कोई ऊपरी सीमा नहीं है। यानी आप महीने भर में जितनी चाहें उतनी राइड्स लेकर कॉइन्स जमा कर सकते हैं। ये कॉइन्स सीधे फ्लिपकार्ट अकाउंट में दिखाई देंगे।

कहां कर सकेंगे इस्तेमाल
यूजर्स इन सुपरकॉइन्स का इस्तेमाल फ्लिपकार्ट पर शॉपिंग, ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ से ग्रोसरी मंगाने, ‘क्लियरट्रिप’ के जरिए फ्लाइट या होटल बुक करने और अन्य पार्टनर सेवाओं में कर सकेंगे।

इस साझेदारी पर फ्लिपकार्ट के उपाध्यक्ष (भुगतान और सुपरकॉइन्स) गौरव अरोड़ा ने कहा, “सुपरकॉइन्स अब ग्राहकों की दैनिक जरूरतों का हिस्सा बन रहा है। उबर के साथ यह एकीकरण हमें ग्राहकों के रोजमर्रा के लेन-देन में और गहराई से जुड़ने की अनुमति देता है।”

वहीं, उबर इंडिया के निदेशक अर्नब कुमार ने बताया कि इस साझेदारी से उबर का अनुभव ग्राहकों के लिए और अधिक फायदेमंद और सहज हो जाएगा।

कैसे उठाएं फायदा
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यूजर्स को उबर ऐप के ‘एक्टिविटी’ या ‘अकाउंट’ सेक्शन में जाकर अपने फ्लिपकार्ट अकाउंट को लिंक करना होगा। इसके बाद हर राइड पर मिलने वाले रिवॉर्ड अपने आप जुड़ते रहेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts