इंडियन सिनेमा की सुपरहिट लव स्टोरी फिल्म ‘सैयारा’ की चर्चित जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा जल्द ही एक नई रोमांटिक फिल्म में साथ नजर आएंगे। हालांकि यह फिल्म ‘सैयारा 2’ नहीं होगी, बल्कि एक अलग और नई कहानी पर आधारित होगी।
साल 2025 में रिलीज हुई मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ‘सैयारा’ ने युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। फिल्म के जरिए अहान पांडे ने शानदार डेब्यू किया, वहीं अनीत पड्डा भी रातोंरात फैंस के बीच काफी पॉपुलर हो गईं।
इस नई फिल्म को लेकर जानकारी फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “सैयारा टीम रिटर्न्स, आधिकारिक ऐलान, सैयारा टीम की वापसी, डायरेक्टर मोहित सूरी, प्रोड्यूसर अक्षय विद्यवानी और लीड स्टार्स अहान पांडे और अनीत पड्डा ने एक बार फिर इंटेंस लव स्टोरी फिल्म में साथ आने का वादा किया है, यह फिल्म दिल और आत्मा को छूने वाले म्यूजिक के साथ आएगी’। तरण आदर्श ने बताया, अभी फिल्म का टाइटल नहीं आया है, इस फिल्म को भी यशराज बैनर का सपोर्ट मिलेगा, यह फिल्म अगले साल फ्लोर पर आएगी, लेकिन यह सैयारा 2 नहीं है’।
फिल्म के डायरेक्टर मोहित सूरी ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए लवस्टोरी फिल्में काफी करीब रही हैं, जब इमोशन निकलते हैं, फिर इन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल होता है। प्यार को अंदर से महसूस किया जाता है। इसलिए मेरा झुकाव ऐसी कहानियों पर ज्यादा है। सैयारा टीम के साथ दोबारा आना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। एक नई कहानी के साथ रियूनाइट होना, वाकई में बहुत खुशी की बात है, इस बार मैं खुद को न्यूकमर की तरह फील कर रहा हूं, एक्साइटेड हूं और इस कहानी के लिए बेताब हूं। मैं आशा करता हूं कि एक बार फिर मेरा म्यूजिक लोगों के दिलों को छूएगा।”
मोहित सूरी, अहान पांडे और अनीत पड्डा की तिकड़ी ने पहले ही ‘सैयारा’ के जरिए दर्शकों का दिल जीत लिया था और अब यह टीम एक नई प्रेम कहानी के साथ फिर से दर्शकों का दिल छू लेने के लिए तैयार है।





