मनोरंजन

‘हम एक-दूसरे को लेकर सीरियस हैं’, गौरी स्प्रैट संग शादी को आमिर खान ने किया कंफर्म

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी की खबरों पर आखिरकार मुहर लगा दी है। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा चल रही थी और अब अभिनेता ने खुद पुष्टि कर दी है कि वे जल्द ही अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं।

एक इंटरव्यू में आमिर खान ने बताया कि वह इस समय अमेरिका में हैं और 5 जुलाई को मुंबई में गौरी स्प्रैट के साथ शादी करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं फिलहाल अमेरिका में हूं। शादी की खबर सच है। यह 5 जुलाई को है।” इसके साथ ही उन्होंने कहा, “अब हम दोनों अपने रिश्ते को अगले लेवल पर ले जाने के लिए तैयार हैं।”

रिश्ते को बताया मजबूत

आमिर खान ने अपने और गौरी के रिश्ते पर खुलकर बात करते हुए कहा, “मैं पूरी तरह से संतुष्ट हूं। गौरी और मैं एक-दूसरे को लेकर सीरियस हैं और हमारा रिश्ता बेहद मजबूत है। हम पार्टनर हैं, हम साथ हैं। दिल से तो मैं पहले ही उससे शादी कर चुका हूं। इसलिए, अपने रिश्ते को ऑफिशियल रूप देना हमारी पार्टनरशिप का एक नेचुरल प्रोग्रेशन लगता है।”

आमिर की होगी तीसरी शादी

यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उन्होंने 1986 में विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं। इरा खान और जुनैद खान। हालांकि दोनों का तलाक 2002 में हो गया था। बाद में, आमिर खान ने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की और 2021 में इनका भी तलाक हो गया। इस जोड़ी का एक बेटा भी है, आज़ाद। आमिर खान के अपनी दोनों एक्स पत्नियों, रीना दत्ता और किरण राव के साथ अच्छे संबंध हैं।

2025 में किया था रिश्ते का खुलासा

आमिर खान ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी स्प्रैट को सार्वजनिक रूप से अपने जीवनसाथी के रूप में पेश किया था। उस दौरान उन्होंने बताया था कि दोनों एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते हैं और दोबारा संपर्क में आने के बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ा।

आमिर ने तब कहा था, “हमारी मुलाकात संयोग से हुई, हम कॉन्टेक्ट में रहे और सब कुछ नेचुरली होता चला गया।”

वहीं गौरी स्प्रैट ने भी बताया था कि वह एक ऐसे व्यक्ति की तलाश में थीं जो समझदार और सौम्य हो, और उन्हें ये गुण आमिर खान में मिले। फिलहाल गौरी आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस से भी जुड़ी हुई हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts