क्रांइमछत्तीसगढ़

रायपुर में कारोबारी के बंगले में बड़ी चोरी, जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके स्थित गोल्डन होम्स कॉलोनी में एक कारोबारी के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने देर रात घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और लाखों रुपए नकद पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गोल्डन होम्स के गेट नंबर-2 के पास रहने वाले कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरों का सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारियां खुली हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि घर से करीब 7 से 8 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपए नकद गायब हैं।

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पॉश कॉलोनी में परिवार की मौजूदगी के दौरान हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts