भारत की चर्चित एडटेक कंपनी Byju’s के संस्थापक बायजू रवींद्रन को सिंगापुर की अदालत से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। अदालत का कहना है कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों से जुड़े कई अदालती आदेशों का बार-बार उल्लंघन किया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स में ये बताया गया है कि सिंगापुर की अदालत ने रवींद्रन को बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड के कानूनी स्वामित्व को साबित करने वाले दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, जो एक संबंधित इकाई में शेयर रखती है। साथ ही कोर्ट ने उन्हें अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश भी दिया है। इसके साथ ही रवींद्रन को 90,000 सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70,500 अमेरिकी डॉलर की कानूनी लागत भी चुकानी होगी।
एक समय भारत के चर्चित अरबपतियों में शामिल रहे बायजू रवींद्रन की आर्थिक स्थिति भी तेजी से बदली है। फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स 2024 के अनुसार, 4 अप्रैल 2023 तक उनकी नेटवर्थ 2.1 बिलियन डॉलर यानी करीब 17,545 करोड़ रुपये थी। फिर इस साल फोर्ब्स ने पिछले साल की लिस्ट से 4 लोगों को बाहर कर दिया, जिसमें रवींद्रन का नाम भी शामिल था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्लैकरॉक ने Byju’s की वैल्यूएशन घटाकर 1 बिलियन डॉलर कर दी है, जबकि साल 2022 में कंपनी की वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर थी। कंपनी की गिरती स्थिति के बीच शेयरहोल्डर्स ने रवींद्रन को CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की थी।
फिलहाल रिपोर्ट्स के मुताबिक बायजू रवींद्रन की नेटवर्थ शून्य बताई जा रही है।





