देशव्यापार

दिल्ली-एनसीआर में फिर महंगी हुई सीएनजी, 15 मई के बाद चौथी बार बढ़े दाम

पेट्रोल और डीजल के बाद अब सीएनजी की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दिए गए। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। इससे पहले शनिवार को भी सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी।

15 मई से अब तक सीएनजी के दाम में चार बार इजाफा हो चुका है। 15 मई को 2 रुपये, 17 मई को 1 रुपये, 23 मई को 1 रुपये और अब 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। यानी महज कुछ दिनों में सीएनजी कुल 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। वहीं सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी।

दिल्ली-एनसीआर में नई सीएनजी कीमतें

दिल्ली: 83.09 रुपये प्रति किलो
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद: 91.70 रुपये प्रति किलो
गुरुग्राम: 88.12 रुपये प्रति किलो
फरीदाबाद: 89.30 रुपये प्रति किलो

सीएनजी के दाम बढ़ने का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और सीएनजी से चलने वाले निजी वाहनों का सफर महंगा हो जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन और माल ढुलाई की लागत बढ़ने से बाजार में महंगाई बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारों के मुताबिक, भारत में ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) और गैस की दरों, विनिमय दर और स्थानीय टैक्स के आधार पर तय होती हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।

इसी बीच अमेरिका ने एक बार फिर ईरान पर हमले किए हैं। होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित ईरानी द्वीपों पर अटैक हुआ है। अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी ईरान पर ये नए हमले किए हैं, जिनमें ईरानी मिसाइल साइट और खदानें बिछाने की कोशिश कर रही नावों को निशाना बनाया गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ये हमले आत्मरक्षा में किए गए। इन हमलों का मकसद ईरानी सेनाओं से पैदा होने वाले खतरों से हमारे सैनिकों की रक्षा करना था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts