देश

कनाडा के दुश्मनों से मिला अमेरिका, तेल के लिए क्या देश तोड़ देंगे ट्रंप? PM मार्क कार्नी भड़के

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आखिरकार एक ऐसा काम कर दिया है, जो अब असल मायनों में कनाडा को भड़का सकता है. कनाडा और अमेरिका के रिश्तों में उस वक्त नया तनाव दिखा, जब खबर सामने आई कि अमेरिकी प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने कनाडा के एक अलगाववादी संगठन के साथ गुप्त बैठकें की हैं. इस संगठन का मकसद कनाडा के तेल-समृद्ध प्रांत अल्बर्टा को अलग देश बनाना है. इस पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि उन्हें अमेरिका से कनाडा की संप्रभुता का सम्मान करने की उम्मीद है.

अमेरिका की ओर से इस तरह की मीटिंग दिखाती है कि वह तेल के लिए कुछ भी कर सकता है. मार्क कार्नी ने यह बयान अल्बर्टा की प्रीमियर डैनिएल स्मिथ के साथ मीडिया से बातचीत के दौरान दिया. उन्होंने साफ कहा कि वह इस मुद्दे पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हमेशा स्पष्ट बात करते हैं और आगे भी करेंगे.

क्या है पूरा मामला?

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अल्बर्टा प्रोसपेरिटी प्रोजेक्ट (APP) नाम का एक संगठन अल्बर्टा को कनाडा से अलग देश बनाने के लिए जनमत संग्रह की तैयारी कर रहा है. ये संगठन पेटीशन पर हस्ताक्षर करवा रहा है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस संगठन के नेताओं ने अप्रैल 2025 के बाद से वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से कम से कम तीन बार मुलाकात की है. इतना ही नहीं, यह समूह अगले महीने एक और बैठक की कोशिश में है, जिसमें वह 500 अरब डॉलर की क्रेडिट सुविधा का प्रस्ताव रखने वाला है. दावा है कि अगर अल्बर्टा की आजादी को लेकर जनमत संग्रह पास होता है, तो यह पैसा नए देश को खड़ा करने में मदद करेगा.

Related Posts