छत्तीसगढ़ब्रेकिंग

छत्तीसगढ़ के तीन जिलों के जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, अंबिकापुर–राजनांदगांव–जगदलपुर कोर्ट परिसर खाली कराए गए

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से तीनों कोर्ट परिसरों को तुरंत खाली करा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह के समय तीनों न्यायालयों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें तीनों कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

राजनांदगांव कोर्ट को दूसरी बार मिली धमकी
राजनांदगांव जिला न्यायालय को यह दूसरी बार धमकी भरा ई-मेल मिला है। इससे पहले भी एक माह पहले इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। बताया जा रहा है कि, करीब 10 बजे फिर से मेल आने की सूचना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) की टीम ने न्यायालय परिसर के हर हिस्से की जांच की, हालांकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से बम की सूचना दी गई थी। सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत जांच कराई गई, लेकिन अब तक कोई खतरा सामने नहीं आया है। मेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts