मनोरंजन

अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास, सलमान खान की फिल्म का गीत बना आखिरी गाना

बॉलीवुड के लोकप्रिय गायकों में शुमार अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा कर बताया कि अब वह कोई नया प्लेबैक असाइनमेंट स्वीकार नहीं करेंगे। इस घोषणा के बाद संगीत जगत और उनके करोड़ों प्रशंसकों में हलचल मच गई है।

अरिजीत ने पोस्ट में लिखा कि इतने वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सफर उनके लिए यादगार और खूबसूरत रहा है, लेकिन अब वह प्लेबैक सिंगिंग को यहीं समाप्त कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि वह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं। आगे चलकर वह अपनी पसंद का संगीत बनाएंगे, क्लासिकल म्यूजिक की ओर लौटेंगे और कुछ पुराने अधूरे प्रोजेक्ट्स को पूरा करेंगे।

आशिकी 2 से मिली पहचान
अरिजीत सिंह ने फिल्म आशिकी 2 से बॉलीवुड में जबरदस्त पहचान बनाई। ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘केसरिया’ जैसे सुपरहिट गानों ने उन्हें हर घर में मशहूर कर दिया। उनकी आवाज ने रोमांटिक गीतों से लेकर देशभक्ति गीतों तक एक अलग ही छाप छोड़ी और उन्हें कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स भी दिलाए।

‘मातृभूमि’ बना आखिरी प्लेबैक गीत
संन्यास की घोषणा के साथ अरिजीत सिंह का आखिरी रिलीज हुआ प्लेबैक गीत ‘मातृभूमि’ बताया जा रहा है। यह गीत सलमान खान की आने वाली फिल्म बैटल ऑफ गलवान का हिस्सा है, जिसे हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है। श्रेया घोषाल के साथ गाए गए इस गीत में देशभक्ति और बलिदान की गहरी भावना झलकती है, जिसने श्रोताओं को भावुक कर दिया है।

अरिजीत के इस फैसले से फैंस जरूर हैरान हैं, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह संगीत की दुनिया में सक्रिय रहेंगे—बस प्लेबैक से दूरी बना रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts