देश

यूपी में भीषण गर्मी का कहर, आगरा-प्रयागराज समेत 33 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 33 जिलों में लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड सहित कई इलाके भीषण गर्म हवाओं की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं के असर से आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, झांसी, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, जालौन, मिर्जापुर, मऊ, अमेठी, आजमगढ़, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, जौनपुर, गाजीपुर समेत 33 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही सिर ढंककर बाहर निकलने, लगातार पानी पीने और ORS का उपयोग करने की अपील की गई है।

बीते 24 घंटों में बांदा देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा झांसी में 44.6 डिग्री, प्रयागराज में 44.5 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक ने कहा, “19 से 23 मई के बीच भीषण गर्मी पड़ेगी। यूपी के अधिकतम हिस्सों में लू चलेगी। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मॉनसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। उसके बाद उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।”

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts