पुणे। नीट पेपर लीक मामले को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। पार्टी ने इस मुद्दे पर 11 जून को सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। साथ ही देशभर में आंदोलन चलाने का ऐलान भी किया है।
पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर एक घोषणापत्र भी जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुणे के बाद लखनऊ, अमृतसर और जयपुर में भी इसी तरह के प्रदर्शन किए जाएंगे।
अभिजीत दिपके ने कहा, “आज के विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेंगे. सामाजिक कार्यकर्ता विश्वंभर चौधरी, कानूनी विशेषज्ञ एडवोकेट असीम सरोदे और सोनम वांगचुक भी पुणे के इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हैं। हम इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन शुरू कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत आज पुणे से हो रही है। पुणे के बाद हम लखनऊ, अमृतसर और जयपुर में भी प्रदर्शन करेंगे। अगर धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो छात्र इस महीने की 20 तारीख को दिल्ली में भारी संख्या में इकट्ठा होकर फिर से विरोध प्रदर्शन करेंगे। जो उनके पद छोड़ने तक जारी रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारा आंदोलन पिछले 15 दिनों से सक्रिय है, और हम शिक्षा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज उठाना चाहते हैं। हमें कुछ समय चाहिए, हम शिक्षा व्यवस्था का पूरा अध्ययन करने के बाद यह लड़ाई लड़ रहे हैं।”





