क्रांइमदेश

ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस हादसे का शिकार, दीवार तोड़ पटरी से उतरे इंजन और कोच

उत्तराखंड के ऋषिकेश में उज्जैनी एक्सप्रेस के साथ बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन यार्ड में शंटिंग के दौरान ट्रेन अचानक अनियंत्रित हो गई और दीवार तोड़ते हुए इंजन समेत कुछ कोच पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 14317 उज्जैनी एक्सप्रेस के साथ यह घटना शंटिंग मूवमेंट के दौरान हुई। शुरुआती जांच में ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि “इंजन के पहिए पटरी से उतरे हैं और जांच शुरू कर दी गई है।”

घटना के बाद रेलवे की तकनीकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि ट्रेन खाली होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। अगर उस समय यात्री मौजूद होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

इस हादसे को लेकर आरपीएफ अधीक्षक सरोज कुमार ने बताया कि “रात को उज्जैनी एक्सप्रेस की शंटिंग की जा रही थी, उसकी दौरान ये घटना हो गई है। इस गाड़ी को सुबह छह बजे निकलना था, निकलने से पहले ट्रेन की शंटिंग हो रही थी।”

उन्होंने कहा कि “रात करीब दस बजे आरपीएफ को इसकी सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं।”

आरपीएफ अधीक्षक के मुताबिक, “जिस समय ये हादसा हुआ ट्रेन खाली थी, उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। ये हादसा क्यों और कैसे हुआ इसकी जाँच की जा रही है। जिसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।”

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts