आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। खास बात यह है कि इस मुकाबले में एमएस धोनी और रोहित शर्मा की वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के खेलने पर अंतिम फैसला टॉस से ठीक पहले लिया जाएगा।
इस सीजन में अभी तक एमएस धोनी एक भी मैच में नजर नहीं आए हैं। आईपीएल के 32 मुकाबले खेले जा चुके हैं और चेन्नई सुपरकिंग्स भी अपने 6 मैच खेल चुकी है, लेकिन धोनी मैदान से दूर रहे। अब जो संकेत मिल रहे हैं, उनसे उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। टीम के ट्रेनिंग सेशन के दौरान धोनी ने बल्लेबाजी और कीपिंग की प्रैक्टिस की है। खास बात यह रही कि इस सीजन उन्होंने पहली बार इतने लंबे समय तक नेट्स में समय बिताया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे जल्द ही मैदान पर उतर सकते हैं। हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला मैच से पहले ही होगा।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा की कमी भी साफ महसूस की गई है। वे पिछले दो मैचों से बाहर हैं, क्योंकि उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई थी। अब खबर है कि वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। मुंबई की टीम इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है, ऐसे में रोहित की वापसी टीम के लिए अहम मानी जा रही है।
हालांकि टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा और तभी रोहित को मैदान पर उतारा जाएगा, जब वे पूरी तरह फिट होंगे। अगर आज के मैच में धोनी और रोहित दोनों खेलते हैं, तो मुकाबला बेहद रोमांचक होने की पूरी संभावना है।





