अगर आप आज बैंक जाने की सोच रहे हैं, तो पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके शहर में बैंक खुले हैं या नहीं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के छुट्टी कैलेंडर के अनुसार, 23 अप्रैल को देश के कुछ हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे।
आज तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के चलते सभी बैंक बंद रहेंगे। वोटिंग के कारण पूरे राज्य में छुट्टी दी गई है। वहीं पश्चिम बंगाल में भी पहले चरण का मतदान हो रहा है, लेकिन वहां सिर्फ उन्हीं इलाकों में बैंक बंद रहेंगे जहां वोटिंग हो रही है, जबकि बाकी जगहों पर बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में बैंक खुले हैं और सामान्य कामकाज जारी है। इन क्षेत्रों के लोग अपने बैंक से जुड़े काम निपटा सकते हैं।
आगे भी छुट्टियों का सिलसिला जारी रहेगा। 25 अप्रैल को चौथा शनिवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 26 अप्रैल को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी। ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।
हालांकि, बैंक शाखाएं बंद होने पर भी डिजिटल सेवाएं प्रभावित नहीं होतीं। ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग और नेट बैंकिंग के जरिए लेन-देन कर सकते हैं। साथ ही एटीएम से कैश निकालने की सुविधा भी उपलब्ध रहती है। इसलिए बैंक जाने से पहले RBI की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।





