फेमस चाइल्ड आर्टिस्ट रहीं सारा अर्जुन अब बतौर लीड एक्ट्रेस इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बाद सारा का करियर नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है और वे अब इंडस्ट्री की डिमांडिंग एक्ट्रेसेस में गिनी जा रही हैं।
पिछले कुछ समय से सारा का नाम संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म से जोड़ा जा रहा था। चर्चा थी कि वे बॉलीवुड की आइकॉनिक अदाकारा मधुबाला की बायोपिक में नजर आ सकती हैं। अब इस प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मधुबाला की बायोपिक के लिए सारा अर्जुन को मुख्य भूमिका के लिए फाइनल कर लिया गया है। इस फिल्म का निर्माण संजय लीला भंसाली करेंगे और इसे सारा के करियर की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है।
फिल्म की शूटिंग को लेकर खबर है कि यह प्रोजेक्ट करीब तीन महीने बाद यानी जुलाई से शुरू हो सकता है। हालांकि, बाकी स्टार कास्ट को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। बताया जा रहा है कि फिल्म का निर्देशन जसमीत के रीन करने वाली हैं, जो इससे पहले ‘डार्लिंग्स’, ‘फोर्स 2’ और ‘पति पत्नी और वो’ जैसी फिल्में बना चुकी हैं।
गौरतलब है कि अभी तक इस बायोपिक को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस फिल्म के लिए पहले कई एक्ट्रेसेस के नाम सामने आए थे। सारा अर्जुन से पहले इस फिल्म के लिए कई हीरोइनों को अप्रोच किया गया था। पहले कहा गया कि कियारा आडवाणी मधुबाला बनेंगी। इसके बाद फिल्म से अनीत पड्डा, कल्याणी प्रियदर्शन और शरवरी का नाम जुड़ा। अब आखिरकार सारा अर्जुन के नाम पर मुहर लगती नजर आ रही है, और फैंस को आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।





